बंडा। पुवायां मार्ग पर बसंतपुर गांव के पास खनन अधिकारी ने बुधवार को जेसीबी से खोदकर ले जा रही मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉलियां अपने कब्जे में ले लीं। बाद में पुलिस ने उन्हें थाने ले जाकर सीज कर दिया। खनन माफिया कई दिन से बसंतपुर के पास करीब आधा दर्जन ट्रैक्टर ट्राॅलियों से लोडर और जेसीबी के जरिये मिट्टी का खनन कर रहे थे।
इसकी थाने में कई बार शिकायत करने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की तो जांच को खनन अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर खनन माफिया लोडर और जेसीबी लेकर भाग गए, लेकिन मौके पर मिलीं दो ट्रैक्टर ट्रालियां जब्त कर ली गईं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया सीज किए गए ट्रैक्टर ट्राॅलियों के मालिकों की तलाश की जा रही है। संवाद