दो दिन पहले रेलवे साइडिंग में डिरेल हुए बैगन की ट्राली दोषपूर्ण हो सकती है, जिसका मेजरमेंट कराने के लिए उसे साइडिंग में रोका गया है। दुर्घटना की जांच रेलवे की चार सदस्यीय टीम कर रही है।
बता दें कि 21 जुलाई की शाम सीमेंट अनलोड को जाते समय लाइन संख्या दो पर एक बैगन डिरेल हो गया था। इस बैगन को रेल कर्मियों ने किसी तरह पटरी पर खड़ा किया। थोड़ी दूर चलने के बाद बैगन फिर बेपटरी हो गया।
इस दुर्घटना के लिए प्रभारी सीडब्ल्यूए आरपी सिंह, एसएस जेपी सिंह, सीएमआई इमरान खान और आरपीएफ प्रभारी नरेंद्र मलिक को जांच सौंपी गई है, लेकिन टीम के सदस्य रेल ट्रैक को दोष पूर्ण नहीं मान रहे। सदस्यों का मत है कि एक ही बैगन का दो बार डिरेल होने का कारण बैगन की ट्राली में फ्रैक्चर हो सकता है। दुर्घटनाग्रस्त बैगन को तकनीकी जांच के लिए रोका गया है, जिसकी सोमवार को जांच की जाएगी।
ज्वाइंट रिपोर्ट तैयार नहीं हुई है। इसमें चालक अथवा रेल पथ की लापरवाही नहीं दिखी। बैगन के दोषपूर्ण होने का अनुमान है।
- जेपी सिंह, एसएस, रोजा