शाहजहांपुर। बरेली मोड़ के रैली मैदान आईं औरैया की दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। मामले में औरैया के ही एक आरोपी के खिलाफ अपहरण किए जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चौक कोतवाली इलाके के रैली मैदान पर सावन कृपाल रूहानी मिशन के तहत दो दिवसीय सत्संग में आईं औरैया की दो बहनें 15 अप्रैल की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। साथ में आए परिवार वालों ने सत्संग स्थल पर काफी तलाश किया, लेकिन कहीं भी सुराग नहीं मिला। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी प्रमोद प्रसाद द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर गए। पुलिस ने आसपास तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में परिवार वालों को जानकारी हुई कि औरैया के थाना अयाना के गांव सेंगनपुर का रवि अपने कुछ साथियों की मदद से बहनों को अपहरण कर ले गया है। इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवतियों की तलाश की जा रही है। संवाद