शारदा नहर पटरी पर काटे गए पेड़ की लकड़ी। संवाद
पुवायां। शारदा नहर की पटरी पर सोमवार दिन में दस बजे सेमल के दो पेड़ काट डाले गए। पुलिस ने मौके से मिले लोगों को छोड़ दिया। जबकि इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पेड़ काटने वाले मौके से भाग गए थे।
शारदा नहर की पटरी पर गांव नवाबपुर गंगा और रेहरिया के बीच में सोमवार सुबह दस बजे कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राॅली और श्रमिकों के साथ पहुंचे और सेमल के दो पेड़ काट डाले। पेड़ काटे जाते देख लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और नहर विभाग के कर्मचारियों को दी।
सूचना पर सिंधौली की कोरोंकुइयां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पेड़ काट रहे लोगों से पूछताछ करने के बाद लकड़ी और ट्रैक्टर ट्राॅली को चौकी पर ले गई। आरोप है कि बाद में ट्रैक्टर ट्राॅली चौकी पर रोक कर पकड़े गए लोगों को छोड़ दिया गया।
शारदा नहर खंड के जिलेदार देवेंद्र सिंह ने बताया कि पेड़ काटे जाने की सूचना पर मौके पर जाकर जांच की गई है और ट्रैक्टर स्वामी और पेड़ काटने वालों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। उधर सिंधौली के थाना प्रभारी रविंद्र सिंह का कहना है कि वह बाहर हैं। तहरीर की जानकारी नहीं है। तहरीर दी गई है तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।