शाहजहांपुर। पिछले वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में फर्जी विद्यार्थी पकड़े जाने के मामले में जिले के दो विद्यालयों को डिबार कर दिया गया है। उन पर कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है। अब ये विद्यालय तीन साल तक न तो केंद्र बन सकेंगे और न ही इनके शिक्षक व प्रधानाचार्यों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि कलान के भर्रामई स्थित सुभाषचंद्र बोस और मिर्जापुर के सिंगहा युसुफपुर के समाज कल्याण इंटर कॉलेज पर कार्रवाई की गई है। वर्ष 2024 की यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान इन केंद्रों पर पंजीकृत परीक्षार्थियों की जगह कोई और फर्जी तरीके से परीक्षा देते पकड़ा गया था। इस वजह से दोनों परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट यूपी बोर्ड को भेजी गई थी।
इस पर कार्रवाई करते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों को डिबार करने के साथ ही फर्जीवाड़ा करने वाले परीक्षार्थियों का परीक्षाफल भी निरस्त कर दिया है। इनके कक्ष निरीक्षक, आंतरिक सचल दल को भी प्रतिबंधित किया गया है। अब ये विद्यालय परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे और न ही इनके प्रधानाचार्य व शिक्षक बोर्ड परीक्षा के कार्य में लगेंगे। तीन साल तक प्रतिबंध लागू रहेगा।