शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने धान खरीद में गड़बड़ी करने पर दो लेखपालों को निलंबित कर दिया है। विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एडीएम प्रशासन को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत मिली थी कि तिलहर तहसील के गांव धर्मपुर कंजा निवासी आकाश गुप्ता ने फर्जी तरीके से पंजीकरण कराकर धान का विक्रय किया है। इस मामले की एडीएम प्रशासन ने जलालाबाद के एसडीएम न्यायिक से जांच कराई।
जांच में पता लगा कि लेखपाल अंशु वाजपेयी ने दस्तावेजों की गहनता से जांच न करके गलत तरीके से सत्यापन कर दिया। डीएम ने लेखपाल अंशु वाजपेयी को निलंबित कर दिया। पंजीकरण कराने वाले आकाश गुप्ता के विरुद्ध किसी अन्य कृषक की भूमि का प्रयोग कर सत्यापन कराने एवं धान विक्रय किए जाने पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस तरह से एडीएम प्रशासन को दूरभाष से शिकायतकर्ता ने बताया कि तहसील पुवायां में गांव सरौरा-सरौरी निवासी विचित्र गुप्ता ने फर्जी पंजीकरण कराकर धान का विक्रय किया है। इस मामले की जांच पुवायां के एसडीएम न्यायिक को सौंपी गई। इसमें पाया गया कि लेखपाल आशीष कुमार ने बिना जांच के गलत तरीके से पंजीकरणकर्ता विचित्र के अभिलेखों में हेरफेर कर अवैध तरीके से धान का विक्रय करा दिया।
डीएम ने लेखपाल आशीष कुमार को निलंबित कर दिया। पंजीकरणकर्ता विचित्र कुमार, उनके साथी गजेंद्र सिंह व अमन सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।
00
क्रय केंद्रों पर गन्ने की हैंडलिंग का शुल्क लिया तो होगी कार्रवाई
बरेली। उप गन्ना आयुक्त ने मंगलवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चीनी मिलों को चेताया कि क्रय केंद्रों पर किसानों से गन्ने की उतराई-चढ़ाई (हैंडलिंग) का शुल्क किसी ने वसूला तो कार्रवाई होगी।
उन्होंने मिल यार्ड में किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। साथ ही पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 के गन्ना मूल्य भुगतान एवं गन्ना विकास अंशदान का समय से भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
गन्ना भवन सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त राजेश मिश्र ने कहा कि गन्ने की ढुलाई करने वाले वाहनों में रिफ्लेक्टर और लाल रेडियम युक्त कपड़े लगवाएं। गन्ना उठान के लिए बड़े ट्रालों को हटाकर उनके स्थान पर ट्रकों का प्रयोग हो।
समीक्षा में पाया कि परिक्षेत्र की चीनी मिलों ने अभी तक 1.88 करोड़ क्विंटल गन्ने की खरीद की है। इसमें 1.87 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। जिसमें औसतन 9.22 प्रतिशत चीनी निकल रही है। इस तरह अब तक 17.28 लाख क्विंटल चीनी तैयार हो गई है।
शरदकालीन गन्ने के बोआई लक्ष्य के सापेक्ष कम होने पर उन्होंने मंडल के सभी जिलों के गन्ना अधिकारियों एवं चीनी मिलों से कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत गन्ने की बोआई समय से हो। संवाद