कलान। विक्रमपुर और हरेली नेकपुर गांव में रंजिशन मारपीट की घटनाओं में लाठी-डंडे चलने से दिव्यांग समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में तहरीर मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है।
विक्रमपुर निवासी दिव्यांग दाताराम ने पुलिस को बताया कि उनकी घूरे की जमीन के पास वाले तालाब को गांव के एक दंपती पाट रहे हैं। उन्होंने तालाब पाटने से मना किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटा। वहीं, दूसरे मामले में हरेली नेकपुर निवासी नरवीर ने पुलिस को बताया कि नयागांव कुदरासी के एक व्यक्ति से उन्होंने रहने के लिए जमीन खरीदकर मकान बनाया। जमीन बेचने वाले व्यक्ति की बिरादरी के उसी गांव के रहने वाले सफाई कर्मचारी ने जमीन खरीदने पर एतराज जताते हुए गालीगलौज की।
इसका विरोध करने पर उसने उन्हें पीटकर घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र ने बताया कि दिव्यांग से मारपीट के मामले में क्षेत्रीय लेखपाल को गांव जाकर विवाद का निपटारा कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि नरवीर का मेडिकल करा दिया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद