शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को 73 और रविवार को 78 पॉजिटिव मिले। वहीं एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई। ऐसे में मृतकों संख्या 26 हो गई है। संक्रमितों की संख्या 2131 है जिसमें 751 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। 431 लोग होम क्वारंटीन किए गए हैं।
शनिवार को मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में शहर के मोहल्ला दलेलगंज निवासी 64 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई। देर रात रोजा क्षेत्र के गांव रसूलपुर के एक 17 वर्षीय किशोर की भी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि किशोर को शनिवार को ही भर्ती कराया गया था। वहीं, महिला 12 अगस्त को भर्ती कराई गई थी। दोनों का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी/बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार यानी स्वतंत्रता दिवस पर जिले में 73 और रविवार को 78 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें आठ कर्मचारी मेडिकल कॉलेज के ही हैं। इनके अलावा बाडूजई मोहल्ले में एक लेखपाल और उनका शिक्षक भाई, गोविंदगंज निवासी एक निजी डॉक्टर भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। बनवारीपुर सिंह कॉलोनी में दो सगी बहनें भी पॉजिटिव मिली हैं। इनके अलावा शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक डेढ़ सौ से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
मेडिकल कॉलेज से भाग गए दो संक्रमित
शाहजहांपुर। शनिवार को मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में जांच के दौरान भर्ती 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इसमें कुछ मरीज और कुछ तीमारदार बताए जा रहे हैं। जांच के बाद दो लोग चकमा देकर भाग गए। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि भागने वालों की सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। संवाद