शाहजहांपुर/अल्हागंज। पशु आहार खाने के बाद अल्हागंज के गांव फतेहपुर में दो दुधारू भैंसों की और मौत हो गई। इसके बाद मृतक भैंसों की संख्या पांच हो गई है। पशु चिकित्सा विभाग ने दोनों पशुओं का पोस्टमॉर्टम कराया है। इससे पहले मरीं तीन भैंसों का विसरा जांच के लिए भेजा गया है। पशु आहार के सैंपल को भी जांच के लिए भेजा गया है।
गांव फतेहपुर में राधेश्याम, रवींद्र और संतोष की भैंसों की पशु आहार खाने से मौत हो गई थी। तीनों की तहरीर पर पशु आहार निर्माता कंपनी के हुल्लापुर चौराहा स्थित वितरक सीपी डेयरी प्लांट प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सोमवार को गांव के ही रघुनंदन की एक और मंगलवार को दूसरी दुधारू भैंस की मौत हो गई। इससे क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए हैं। इसके अलावा कई भैंस बीमार हैं।
पशुपालकों ने इसके लिए हरदोई की मिल्क एंड फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ज्ञान धारा नामक आहर को जिम्मेदार बताया। पशुपालकों का कहना है कि ज्ञान धारा ब्रांड का चारा पशुओं को खिलाने के चलते उन्हें परेशानी हुई। कुछ पशुओं की मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से बीमार हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र गंगवार ने पशुपालकों से ज्ञान धारा पशु आहार अपने पशुओं को न खिलाने की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि चारे में गड़बड़ी की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पशुपालकों को सावधान किया जाता है कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक वे अपने पशुओं को पशु आहार न खिलाएं।