शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर मौजमपुर के पास अनियंत्रित कार से पैदल जा रहे राहगीराें को टक्कर लग गई। हादसे में उमरगंज निवासी राधेश्याम (50) और उनके साथी भूपराम घायल हो गए। सिर के बल गिरने से राधेश्याम की मौके पर मौत हो गई। जबकि, दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
शनिवार को राधेश्याम और भूपराम जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने आए थे। इसके बाद शहर की ओर जा रहे थे। तभी बरेली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार से दोनों को टक्कर लग गई। हादसे में राधेश्याम उछलकर दूर जा गिरे और सिर फट जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई और भूपराम घायल हो गए। पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची अजीजगंज चौकी पुलिस ने कार कब्जे में ले ली, लेकिन तब तक उसका चालक भाग चुका था। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि देर शाम में भूपराम ने भी दम तोड़ दिया। संवाद