शाहजहांपुर। अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने के मामले में अदालत ने दो दोषियों को सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास और 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
29 अप्रैल 2023 को कटरा थाने के उपनिरीक्षक इतेश तोमर पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। खुदागंज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मुखबिर ने सूचना दी कि कटैया-शाहपुर नहर पटरी पर बंद पड़ी मेंथा फैक्टरी की दीवार से लगे एक कमरे में कुछ लोग शस्त्र फैक्टरी चला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कमरे में दो लोग तमंचे और रायफल बनाने के उपकरणों के साथ मिले।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाम तिलहर के गांव हरयारपुर निवासी कल्लू उर्फ कालीचरन और कटरा के गांव अहियापुर निवासी रामदास बताए। मौके से अवैध शस्त्र और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ थाना कटरा में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट अतीकउद्दीन ने रामदास और कल्लू को सात-सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
गैंगस्टर एक्ट में गैंग लीडर को दो साल की कैद
शाहजहांपुर। गैंगस्टर एक्ट के मामले में न्यायालय ने गैंग लीडर को दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने उस पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
मामला खुदागंज थाने का है। पुलिस ने पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसिया खानपुर निवासी मुन्ना उर्फ शकील के खिलाफ 30 मई 2024 को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। उस पर गिरोह गठित कर चोरी, नकबजनी समेत अन्य अपराधों के जरिये अवैध रूप से धन अर्जित करने और आमजन में भय व आतंक व्याप्त करने का आरोप था। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट अतीकउद्दीन ने मुन्ना उर्फ शकील को दोषी मानते हुए दो वर्ष के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। संवाद