शाहजहांपुर/अल्हागंज। अल्हागंज क्षेत्र मेें फर्रुखाबाद रोड पर शुक्रवार शाम रोडवेज की अनुबंधित बस की चपेट में आकर मोपेड सवार दो भाइयों की मौत हो गई। दोनों फर्रुखाबाद के रहने वाले थे। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया है। फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा के गांव रसवां खुर्द निवासी 45 वर्षीय शकील खां अपने छोटे भाई 35 वर्षीय सलीम खां के साथ शुक्रवार को मोपेड से जलालाबाद तहसील आया था। यहां से जमीन से संबंधित कुछ जरूरी अभिलेख लेकर दोनों भाई वापस जा रहे थे। शाम लगभग 6 बजे जब दोनों फर्रुखाबाद रोड पर फतेहपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने फर्रुखाबाद की ओर से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने मोपेड सवार दोनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। दोनों के पास मिले मोबाइल पर नंबरों की डायरी के आधार पर उनके घर वालों को जानकारी दी, तब उनकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने अनुबंधित बस को भी कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भाग गया। वहीं सूचना पाकर देर रात मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।