खुटार। साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने गांव चमराबोझी के सुमित कुमार और सिंधौली के गांव शिवनगर के अनुज कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अब कांट के बरुआ निवासी मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया गया है कि साइबर सेल से पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी और सत्यापन के क्रम में गांव चमराबोझी के सुमित कुमार के खाते की जांच की गई। इसमें पाया गया कि तेलंगाना के एक व्यक्ति ने थाना साइबराबाद में 5000 रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट 22 मई 2025 को दर्ज कराई थी।
सुमित ने रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। सुमित का बैंक खाता होल्ड पर लगा है। सुमित काे लक्ष्मीपुर मोड़ से पकड़ लिया गया। उसके पास से 440 रुपये और एक मोबाइल बरामद हुआ। सुमित ने पूछताछ में बताया कि वह कम पढ़ालिखा है। सिंधौली के गांव शिवनगर के अनुज ने उसका खाता खुलवाया था और अपना मोबाइल नंबर लगा दिया था।
पासबुक, डेबिट कार्ड कांट के गांव बरुआ के केशव सिंह के पास है। केशव सिंह ही उसके खाते में धोखाधड़ी कर रुपये मंगाता है और हर लेन-देन पर उसे और अनुज को 500-500 रुपये देता है। सुमित के बुलाने पर अनुज लक्ष्मीपुर मोड़ पहुंचा तो पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है। न्यायालय से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
साइबर अपराध के आरोप में जांच के बाद दो लोगों को पकड़ा गया है। मामले की जांच में जो तथ्य मिलेंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां