चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोरी के आरोपी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली पुलिस टीम ने चोरी की दो बाइकों के साथ सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव कलवापुर निवासी आलोक व बंडा की रामनगर कॉलोनी निवासी चंदन कश्यप को गिरफ्तार किया है। दोनों ने कुछ दिन पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज से हुईं बाइक चोरी की घटनाओं को कबूला।
18 मई को कांट थाना क्षेत्र के मदरोली गांव निवासी अखिल मिश्रा और 22 मई को हरदोई जिले के थाना पचदेवरा क्षेत्र के बरुआरा गांव निवासी बारिक ने राजकीय मेडिकल कॉलेज से उनकी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीमें गठित की।
अस्पताल चौकी पुलिस टीम ने कैमरों को चेक कराया। उनसे मिली फुटेज के आधार पर छानबीन तेज की गई। शनिवार सुबह पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी करने के आरोपी केरूगंज गोशाला की ओर से होते हुए सीतापुर-बरेली हाईवे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आलोक और चंदन को गिरफ्तार कर लिया। आलोक की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि आरोपी चंदन मेडिकल कॉलेज जाकर रेकी करता था कि किस बाइक के लाॅक का पिन टूटा है। इसके बाद चंदन आने जाने वालों पर नजर रखता था और आलोक मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेता था। बाइकों की नंबर प्लेट तोड़कर गर्रा नदी में फेंक दी थी। आरोपी आलोक पर खुदागंज, पुवायां, सिंधौली व कोतवाली में पांच मुकदमे दर्ज हैं।