अल्हागंज (शाहजहांपुर)। मोहल्ला बगिया द्वितीय में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले में पुलिस ने दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में चार अन्य आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर उप निरीक्षक अजय कुमार के साथ पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इस दौरान हमलावरों ने दो पुलिसकर्मियों की पिटाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा अजय कुमार की ओर से छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि इस मामले में नामजद किए गए मोहल्ला बगिया द्वितीय निवासी मो. निजाम और एटा जिले के अलीगंज थानांतर्गत गांव मोहम्मदनगर बझेड़ा निवासी शहजाद को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार इसी मामले में नामजद किए गए मोहल्ला बगिया द्वितीय के सिराज, उसकी मां सबीना व बहन निशा और पीरगंज मोहल्ले के आबिद की तलाश की जा रही है। संवाद