शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में सोमवार रात गो तस्करों और पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से गोतस्कर घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। उनके पास से तमंचा, कारतूस और गो हत्या करने वाले उपकरण व कार भी बरामद हुई हैं।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि 31 मार्च की रात निगोही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चक्रमली में एक बंद मकान के सामने कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को पिकअप में लाद रहे थे। पुलिस के पहुंचने पर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए थे। वाहन में पांच गोवंशीय पशु मिले थे, जिनके मुंह व पैर बुरी तरह से रस्सियों से बंधे हुए थे। पशुओं को ग्राम प्रधान रामलड़ैते वर्मा के सुपुर्द कर दिया गया था।
पुलिस रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार देर रात करीब दो बजे मुखबिर की सूचना के आधार पर निगोही पुलिस ने मामले के दो आरोपी बरेली जिले के देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव मुढि़या जागीर निवासी मोहम्मद शानू व पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी अनीस की ग्राम इनायतपुर वाले रोड पर पुरानी नहर कोठी के पास घेराबंदी की।
खुद को घिरा देखकर दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोहम्मद शानू और अनीस पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
पशुओं को दूसरे राज्य में ले जाकर बेच देते थे तस्कर
पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि 31 मई की रात वे लोग अपने साथी मोहम्मद शाकिर निवासी ग्राम मुढिया जागीर थाना देवरनियां और धर्मवीर निवासी ग्राम ज्योतिनगर थाना नवाबगंज बरेली के साथ वाहन में पशुओं को लाद रहे थे। पुलिस को देखकर देखकर भाग गए थे। वे लोग पशुओं को दूसरे राज्य में ले जाकर बेच देते हैं। कभी-कभी खुद भी गोवंशीय पशुओं को काटकर मांस बेच देते थे।
शानू पर सात, अनीस पर आठ मुकदमे दर्ज
आरोपी शानू पर सात मुकदमे दर्ज हैं। बरेली जिले के फरीदपुर और भुता थाने में दो-दो और इज्जतनगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा शाहजहांपुर जिले के निगोही थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अनीस पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाने में चार, बरेली जिले के इज्जतनगर थाने में एक और निगोही थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी शानू पर दर्ज सात मुकदमे इसी साल 2025 में ही दर्ज हुए हैं।