शाहजहांपुर। ददरौल विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के संगठन के भीतर खींचतान सामने आई है। विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे एक दावेदार ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर क्षेत्रीय पदाधिकारी पर दूसरे दावेदार को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत करा दिया है।
ददरौल विधानसभा क्षेत्र से कई लोग चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। इनमें एक दावेदार ने वीडियो में आरोप है कि उन्हें करीब एक साल से पार्टी की बैठकों में नहीं बुलाया जा रहा है। यदि वह बैठक में पहुंचते भी हैं तो उन्हें मंच पर स्थान नहीं दिया जाता। लंबे समय से उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
बयान सामने आने के बाद जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि किसी दावेदार को कोई समस्या थी तो उन्हें सीधे अवगत कराना चाहिए था। वह अपनी बात प्रदेश अध्यक्ष के सामने भी रख सकते थे। सार्वजनिक रूप से बयान जारी कर पार्टी की छवि खराब करना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत करा दिया है।