तहसीलदार और वकीलों के बीच विवाद के चलते वकीलों ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी तहसीलदार कोर्ट का बहिष्कार किया। एसडीएम की मध्यस्थता में मंगलवार को तहसीलदार और वकीलों के बीच वार्ता होगी।
गौरतलब है कि बुधवार को तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों के कार्यालय में देर से आने को लेकर वकीलों ने तहसीलदार कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान तहसीलदार कार्यालय आए तो उनकी वकीलों से झड़प हो गई। तहसीलदार का कहना है कि वकीलों ने उनसे गाली-गलौज कर दी और विरोध करने पर पीट दिया। उधर, वकीलों ने गाली गलौज और मारपीट के आरोपों को गलत बताया था। घटना के विरोध में तहसील कर्मियों ने बुधवार को सभी तहसील कार्यालयों में तालाबंदी कर काम बंद कर दिया था। लेखपाल संघ, अमीन संघ आदि ने घटना की निंदा की थी। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तहसील के कार्यालय खुले और कामकाज सुचारू रूप से हुआ। वकीलों ने भी अन्य काम निपटाए, लेकिन तहसीलदार कोर्ट नहीं गए।
बार संघ के पूर्व महामंत्री वीरेंद्र यादव ने बताया कि एसडीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसीलदार से वार्ता होगी। इसके बाद बार संघ के अधिवक्ता आगे की रणनीति तय करेंगे।