लखीमपुर खीरी जिले के जंगबहादुरगंज क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने चॉकलेट्स लादकर ले जा रहे ट्रक को सामने से कैंटर लगाकर लूट लिया। बदमाश 203 पैकेट टॉफी उतार ले गए, जबकि 950 पैकेट टॉफी कैंटर में लदी हुई थीं। पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने मामले की सूचना वहां की पुलिस को दी। ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि उन लोगों ने मामले की सूचना दर्ज नहीं की और कहा कि घटना क्षेत्र शाहजहांपुर का है इसलिए वहीं पर रिपोर्ट दर्ज होगी। इस पर ट्रांसपोर्टर ने चौक कोतवाली में मामले की तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बरेली की वरुणा ट्रांसपोर्ट के संचालक प्रदीप शर्मा ने रुद्रपुर में परफेक्टी की चॉकलेट्स लदने के लिए ट्रक लेकर बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव रुकमापुर के चालक पप्पू पुत्र तुलाराम और इसी गांव के कंडक्टर सचिन को भेजा था। यह लोग करीब 950 गत्ते चॉकलेट्स लादकर बुधवार को वहां से चले थे और बृहस्पतिवार को बरेली में पहुंचे। बृहस्पतिवार की शाम को ट्रक लेकर बरेली से चले गए। इसी रात करीब पौने 12 बजे लखीमपुर के क्षेत्र में कैंटर लगाकर गाड़ी रोक ली। बदमाशों ने ट्रक में लदी 203 पेटी और 18 हजार रुपये लूट लिए। वहां से निकलने पर उन लोगों ने जंगबहादुरगंज चौकी में मामले की सूचना दी। ट्रांसपोर्टर ने आरोप लगाया कि वहां की पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। शुक्रवार की सुबह करीब बरेली मोड़ पर पहुंचे और मामले की सूचना अजीजगंज पुलिस चौकी में दी। इस पर उन्हें कोतवाली में लाया गया, जहां रिपोर्ट दर्ज हुई। इस संबंध में इंस्पेक्टर केके तिवारी का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना जंगबहादुरगंज के लिए ट्रांसफर की जाएगी, क्योंकि ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम में घटना के वक्त लोकेशन जंगबहादुरगंज का शो कर रहा है।