जलालाबाद ( शाहजहांपुर)। बिजनौर जिले के थाना रायपुर क्षेत्र के नगला जट उर्फ गढ़ी निवासी 19 वर्षीय ट्रक चालक अयान की बृहस्पतिवार रात थाना जलालाबाद में गंगा एक्सप्रेस-वे पर डीसीएम की टक्कर लगने से मौत हो गई। ट्रक का टायर फटने पर वह नीचे उतरकर चेक कर रहे थे तभी हादसा हो गया।
ट्रक चालक रियाज ने बताया कि अयान करीब छह माह से मुजफ्फरनगर के सलीम का ट्रक चला रहे थे। सात जुलाई को वे दोनों अपने-अपने ट्रकों में कच्चा लोहा लोडकर पंजाब से उड़ीसा जाने के लिए निकले थे। दोनों वाहन आगे-पीछे चल रहे थे। बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे जलालाबाद थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर पहुंचते ही अयान के ट्रक का टायर फट गया।
अयान ने ट्रक को साइड में किया। वह नीचे उतरकर टायर को चेक कर ही रहा था कि इस बीच तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थोड़ी दूरी पर चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम व ट्रक को कब्जे में लिया।
अयान के परिजनों को सूचना दी गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे परिजन अयान के शव को देख बिलख पड़े। उनकी मौत से मां लूबना व बहन सोफिया गुमसुम हो गईं हैं।
सीओ जलालाबाद ज्योति यादव ने बताया कि डीसीएम कब्जे में है। चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल
मीरानपुर कटरा। बाइक से शुक्रवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे घर लौट रहे सिउरा गांव के अजयवीर सिंह और रिंकू सिंह जैतीपुर मोड़ के पास पीछे से आए पिकअप वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों समेत स्थानीय लोगों ने पिकअप समेत उसके चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। दोनों घायल युवकाें को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए पिकअप के चालक से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद