जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़िए को ट्रक ने रौंदा
जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़िए को एक बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कांवड़ियों ने सड़क पर जमकर हंगामा काटा, जिसे पुलिस ने बमुश्किल शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
यह वाकया मंगलवार की रात करीब 11 बजे मोहम्मदी थाना के गोकन गांव का है। रोजा थाना क्षेत्र के पड़रा सिकंदरपुर निवासी बलवीर ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम उसका भाई 45 वर्षीय राजेश सिंह गांव के तीन दर्जन लोगों के साथ पदयात्रा के द्वारा घटिया घाट से जल लेकर गोला जा रहा था।
बलवीर के अनुसार जल लेने के बाद राजेश का कांवड़िया दल मंगलवार की रात करीब 11 बजे मोहम्मदी के गोकन गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने राजेश को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना से चोटिल हुए राजेश ने थोड़ी देर में दम तोड़ दिया।
साथी की मौत से गुस्साए कांवड़ियों ने सड़क पर हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर गई मोहम्मदी पुलिस ने किसी तरह कांवड़ियों को शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
तीन कांवड़िये बेहोश मिले
शाहजहांपुर। मंगलवार रात शाहजहांपुर-गोला बार्डर पर तीन कांवड़िये बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें जिला अस्पताल में लाया गया। उपचार के बाद तीनों स्वस्थ हो गए और उन्हें घर भेज दिया गया। ये कांवड़िये लखीमपुर निवासी हैदराबाद के गंधर्व, यहीं के राहुल और पंजाबी कालोनी गोला के संदीप बताए गए हैं। इन लोगों ने भांग अधिक खा ली थी।