शाहजहांपुर। गंगा ढाईघाट मेला जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्राली में ओवरटेक करने के दौरान ट्रक ने एक तरफ से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्राली पलट गई। इसमें नीचे दबने से 26 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जलालाबाद सीएचसी ले जाया गया। जहां से 16 लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हादसा जलालाबाद इलाके में सोमवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। थाना कांट क्षेत्र के गांव इकनौरा निवासी वेदराम के बेटा राजू का गंगा ढाईघाट तट पर मुंडन संस्कार होना था। वेदराम ट्रैक्टर ट्राली में परिवार के साथ मेला जा रहे थे। उनके परिवार के साथ ट्राली में पड़ोस की महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। ट्राली में कुल 26 लोग सवार थे। ट्रैक्टर उन्हीं के गांव का राजेंद्र चला रहा था। वेदराम के मुताबिक वह जलालाबाद इलाके में शाहजहांपुर रोड पर गांव उबरिया के पास पहुंचे होंगे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक किया। इसी दौरान ट्रक की साइड लगने के ट्राली असंतुलित होने के बाद पलट गई, जबकि ट्रैक्टर रोड किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया। अचानक ट्राली पलटने से उसमें सवार सभी लोग नीचे दब गए। चीख पुकार मची तो उधर से गुजर रहे लोग जुट गए। कुछ दौड़कर पहुंच गए। लोगों ने इकट्ठे होकर ट्राली को उठाकर सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला। इस बीच हादसे की सूचना मिलने पर जलालाबाद पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने सभी 26 घायलों को एंबुलेंस में जलालाबाद सीएचसी भेज दिया। वहां से गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया।
घायलों में ये रहे शामिल
वीरावती, कन्यावती, जमुना, लक्ष्मी, सोनू, भगवानदास, गीता, बिटोली, सरोजनी, पूजा, चांदनी, स्नेहलता, 15 वर्षीय का जितेंद्र, 13 साल की सत्या, नीलम, 12 साल का जयपाल हैं।