शाहजहांपुर। निगोही रोड विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार तड़के कोहरे की वजह से ट्रांसफार्मर का फ्यूज जल गया। इस कारण करीब 11 हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह-सुबह बिजली गायब होने से लोगों के सामने पानी की दिक्कत हाे गई। करीब चार घंटे के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।
सुबह करीब चार बजे दस एमवीए के ट्रांसफार्मर का फ्यूज नमी के कारण जल गया। इसके चलते निगोही रोड उपकेंद्र के निसरजई, दिलाजाक समेत चारों फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। इन फीडरों से जुड़े चिनौर, एमईएस, पुलिस लाइंस, जलालनगर, निसरजई, पंचपीर, आंशिक सतवां, रोडवेज बस अड्डा, स्टेशन रोड, भुल्लन खां की चौपाल, तारीन जलालनगर, ढाका ताल, हाथीथान, गदियाना आदि क्षेत्रों के करीब 11 हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। इसके चलते कमरा गर्म करने के लिए लगाए गए ब्लोअर, हीटर आदि भी बंद हो गए। सुबह होने पर घरों के मोटर व सबमर्सिबल नहीं चलने से पानी की टंकियां नहीं भर सकीं। इसके चलते पानी का संकट खड़ा हो गया। लोगों को काफी दुश्वारियों से दाे-चार होना पड़ा।
सुबह में शट डाउन लेने को दौड़ाया कर्मचारी
- बुधवार को सुबह चार बजे फ्यूज उड़ने के चलते बिजली गुल हो गई। करीब सात बजे एक कर्मचारी को पैना ट्रांसमिशन में शट डाउन लेने के लिए भेजा। उसके बाद फ्यूज सही कर चार घंटे के बाद आपूर्ति को बहाल किया जा सका।