रेलवे के टीटीई और वाणिज्यिक विभाग के चल टिकट पर्यवेक्षक और चेकिंग स्टाफ के कर्मियों को अब स्थानांतरण का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। इस अनुभाग के कर्मियों को पदोन्नति पाने पर भी उनकी तैनाती पूर्ववत बनी रहेगी।
यूआरएमयू के जोनल वाइस प्रेसीडेंट शलभ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पहले रेलवे के वाणिज्यिक विभाग में कार्यरत टीटीई चेकिंग स्टाफ और इस अनुभाग से जुड़े लिपिकीय संवर्ग के कर्मियों का नियमत: चार और छह साल में तबादला कर दिया जाता था। यह मुद्दा यूनियन की रेलवे में मान्यता में आने के बाद एनएफआईआर के जोनल प्रेसीडेंट रामप्रकाश शर्मा ने उठाया था।
सिंह के अनुसार 15 और 16 जनवरी को पीएनएम (परमानेंट निगोशियबिल मीटिंग) की बैठक में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अजय कुमार और मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक ने यूनियन की इस मांग को मान लिया है। इसके जिसके आदेश जारी किए जा रहे हैं। आदेश की प्रतियां संबंधित अनुभागों के प्रभारियों को जारी की गई हैं, जिसका क्रियान्वयन भी तुरंत किया जायेगा। इस फैसले से मुरादाबाद मंडल के तमाम रेल कर्मियों को अपनी तैनाती की जगह पर बने रहने का मौका मिलेगा।
यूआरएमयू की रोजा शाखा में दो नए चेहरे
यूआरएमयू की रोजा शाखा की मासिक बैठक में दो नए पदाधिकारियों को मनोनीत किया गया है। यूनियन कार्यालय में बृहस्पतिवार की दोपहर हुई बैठक के बाद सचिव संतोष शुक्ला ने बताया कि कमेटी में विश्व विजयकांत पांडेय को नया सहसचिव और रामनरेश मीडिया प्रभारी बनाया गया है।