'स्वावलंबन कार्यक्रम' में अतिथि को स्मृति चिह्न देते विनोबा सेवा आश्रम के संस्थापक रमेश भइया।
शाहजहांपुर। रोजा पॉवर और विनोबा सेवा आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में स्वावलंबन कार्यक्रम के आठवें बैच की शुरुआत हो गई। इसमें महिलाओं को चुटीला, सैंडल और अचार निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैच में महिलाओं समेत 30 लोगों को प्रशिक्षण मिलेगा।
मंगलवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोजा पाॅवर के सीएसआर प्रमुख अवनीश और आश्रम के संस्थापक रमेश भइया ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में अवनीश ने कहा कि कौशल विकास वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। रमेश भइया ने कहा कि आश्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
सचिव मोहित कुमार ने बताया कि स्वावलंबन कार्यक्रम ने अब तक सैकड़ों युवाओं और महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया है। कार्यक्रम में अरुण सिंह, कार्यक्रम प्रभारी मोहम्मद अखलाक, अंकित कुमार मिश्रा, वरुण कुमार, प्रियांशु आदि मौजूद रहे।