शाहजहांपुर। रोजा-कहेलिया रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार को एक बार फिर पटरी चटक गई। चाबीमैन ने पटरी चटकी देख स्टेशन मास्टर व कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जॉगल प्लेट बंधवाकर ट्रेनों का संचालन करवाया, बाद में ब्लॉक लेकर पटरी बदली गई। करीब आधा घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।
बता दें कि 28 मई को भी रोजा व पंडित रामप्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर रेल पटरी चटक गई थी। तब ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था। सोमवार को सुबह 7:10 बजे चाबीमैन मनोज कनौजिया की नजर रोजा-कहेलिया रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 1221 के पास डाउन लाइन की चटकी पटरी पर पड़ी। जिस पर मनोज ने तत्काल सूचना स्टेशन मास्टर व कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम के आदेश पर पीछे आने वाली ट्रेन को रोक दिया गया। इसके बाद रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और चटकी पटरी के बीच जॉगल प्लेट बंधवाई। जिसके बाद ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजारा गया। दोपहर बाद ब्लॉक लेकर पटरी बदली गई। एक बजे कॉशन समाप्त हुआ और ट्रेनें अपनी निर्धारित गति से दौड़ सकीं। स्टेशन अधीक्षक रोजा ने बताया कि पटरी चटकने की सूचना पर कर्मचारी मौके पर गए थे, कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।