जीएफ कॉलेज और एसएस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस) के शिविर छठे दिवस भी जारी रहे।
जीएफ कॉलेज छात्र इकाई के मदराखेल में चल रहे शिविर में यातायात प्रभारी सुनील कुमार विश्नोई ने अपने साथी आरोश कुमार त्यागी, राम निवास, मनोज कुमार आदि के साथ छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित चलने के लिए प्रेरित किया। कहा: सुरक्षित चलने में ही जीवन का आनंद है, जल्दबाजी में अपने साथ दूसरों का जीवन खतरे में न डालें। दूसरे सत्र में ऋषिकांत, प्रियंका रंजन और अन्य छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सफाई और एड्स के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहेल अख्तर नकवी ने आभार जताया।
उधर, सुभाषनगर मलिन बस्ती में चल रहे छात्रा इकाई के शिविर में दंत परीक्षण कैंप लगाया गया, जिसमें डॉ. केपी सक्सेना ने छात्राओं के दांतों का परीक्षण कर खानपान में सुधार लाने तथा दांतों की सफाई के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आयशा जेबी ने आभार जताया।
एसएस कॉलेज के नवादा इंदेपुर में चल रहे शिविर में प्रशिक्षक राम निवास अग्निहोत्री ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को योग के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गांव में लघु नाटिका का मंचन कर स्वच्छता अभियान चलाया। बौद्धिक सभा में डॉ. देवेंद्र सिंह ने कॅरियर काउंसिलिंग संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शालीन कुमार सिंह ने आभार जताया।