शाहजहांपुर। शहर में 13 चौराहा/तिराहों पर ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था शुरू करने का कार्य किया जा रहा है। कुछ ही दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था ट्रैफिक लाइटें संभालेंगी और नियम तोड़ने पर ऑनलाइन चालान कटेंगे। यह प्रक्रिया करीब-करीब अंतिम चरण में है। यह कार्य के पूरा होने के बाद शहर में सिग्नल पर आधारित ट्रैफिक की व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसके बाद वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना होगा। मई अंत तक व्यवस्था शुरू हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
महानगर जैसी सुविधाएं देने के लिए नगर निगम की ओर से निर्माण कार्य कराने के साथ ही शहर को तकनीकी तौर पर भी विकसित किया जा रहा है। इन्हीं कार्यों में एक आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की स्थापना भी है। इसके लिए नगर निगम की ओर से एमनेक्स्ट इन्फो टेक्नोलाजी प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद से करार किया गया है। कंपनी द्वारा शहर के 13 चौराहों/तिराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा एक कंट्रोल कमांड सेंटर की स्थापना टाउनहाल में प्रेस क्लब के ठीक सामने की गई है। इस कंट्रोल कमांड सेंटर से ही सभी चौराहों/तिराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल को कंट्रोल किया जाएगा। अब ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था को शुरू करने का कार्य होना है, जोकि अधिकारियों के मुताबिक अंतिम पड़ाव में है।
बिजली विभाग से लाइट का कनेक्शन मिलना बाकी
- शहर की ट्रैफिक सिग्नल लाइटें जलने में देरी होने का कारण बिजली विभाग द्वारा लाइट का कनेक्शन नहीं मिल पाना बताया जा रहा है। जबकि इसके लिए पहले से ही सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थी। आईटीएमएस के प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि चार-पांच चौराहों पर ट्रैफिक सिस्टम को कनेक्शन मिल गया है, बाकी को कनेक्शन मिलना बाकी है। कनेक्शन मिलते ही सिग्नल काम करना शुरू कर देंगे।
इन 13 चौराहों/तिराहे पर रहेगी ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था
- शाहजहांपुर के खिरनीबाग चौराहा, अंटा चौराहा, लाल इमली चौराहा, महिला थाना चौराहा, मेजबान तिराहा, घंटाघर चौराहा, पुत्तूलाल चौराहा, सुभाष चौराहा, बरेली मोड़ चौराहा, हरदोई रोड चौराहा, कवि तिराहा, केरुगंज तिराहा, गर्रा फाटक तिराहा पर ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था लागू होगी।
15 दिनों तक नहीं कटेगा चालान, फिर ऑटोमेटिक होगी व्यवस्था
- नगर निगम के अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी ने बताया कि शहर के 13 चौराहों/तिराहों पर ट्रैफिक सिग्नल का कार्य लगभग पूरा हो गया है। अभी इनमें बिजली नहीं है, उनको जल्द कनेक्शन भी मिल जाएगा। शुरूआत में 15 दिनों तक चालान नहीं काटा जाएगा, लोगों को रेड सिग्नल, ग्रीन सिग्नल, यलो सिग्नल के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके बाद ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर ऑटोमेटिक चालान कटेगा।