मोहल्ला बंगला सरोदी स्थित राजघाट चौकी मार्ग पर लगा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में जाम ने राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को मालखाना मोड़, कच्चा कटरा, सदर बाजार में दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी। धूप में यातायात पुलिस नजर नहीं आई। जाम जब काफी लंबा हो गया तो सिपाही व होमगार्ड पहुंचे।
गर्मी में धूप में दो मिनट रुकने में भी वाहन चालक परेशान हो जाते हैं। चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही भी छांव तलाशते नजर आते हैं। चौराहों पर गोल चक्कर या ट्रैफिक पुलिस के सिपाही के लिए छतरी की व्यवस्था न होने के कारण वे भी धूप में खड़े होकर परेशान होते हैं। सोमवार को दिन में कई स्थानों पर जाम लगा रहा।
जनता इंटर कॉलेज के पास, कनौजिया तिराहा से कच्चा कटरा मोड़ तक, फिर कच्चा कटरा मोड़ से घंटाघर की ओर जाने वाली सड़क, अंटा चौराहा, जेल रोड, सदर बाजार, मशीनरी मार्केट में जाम की समस्या से आम हो गई है। इससे रोज कई स्थानों पर यातायात बाधित बना रहता है। थोड़ी देर में ही वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। ट्रैफिक पुलिस की कमी, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों के कारण यह समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे स्कूली बच्चे और मरीज भी परेशान हैं। यातायात निरीक्षक बच्चू सिंह का कहना है कि मोबाइल टीमें भ्रमण पर रहती हैं। सूचना पर पहुंचकर जाम खुलवाती हैं। लोगों को जागरूक भी करती रहती हैं।
मोहल्ला बंगला सरोदी स्थित राजघाट चौकी मार्ग पर लगा जाम। संवाद