शाहजहांपुर। सड़कों पर भीड़ और वाहनों के दबाव से शहर के प्रमुख रास्तों पर जाम से मंगलवार को दिनभर जनता परेशान रही।
खासतौर पर राजघाट चौकी से केरूगंज और मालखाना मोड़ से घंटाघर तक जाम से चिलचिलाती धूप में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को जब बाजार खुला तो कई गुना भीड़ सड़क पर उमड़ आई। मंगलवार को भी पूरे दिन जाम की समस्या से लोग जूझते रहे। जल्दबाजी में आगे निकलने की होड़ और यातायात विभाग की सुस्ती के कारण जगह-जगह जाम लगता रहा। हालांकि जाम लंबा या काफी समय तक नहीं लगा लेकिन इस दौरान जाम से निकलने में लोगों का पसीने छूट गए।
कच्चा कटरा से राजघाट चौकी की ओर जाने वाले रास्ते में भी जगह-जगह जाम की स्थिति रही। यहां पर अल्ट्रासाउंड सेंटर, अस्पतालों के बाहर लगने वाली भीड़ और वाहनों के जमावड़े के कारण जाम लगा। संकरे रास्ते दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण और संकरे हो गए। जाम के आगे ट्रैफिक सिपाही भी असहाय नजर आए।