फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हुलासनगरा क्रॉसिंग से बरेली मोड़ तक गड्ढों से छलनी हुआ हाईवे

विज्ञापन
विज्ञापन
तिलहर/ मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरानपुर कटरा से तिलहर और बंथरा होते हुए शाहजहांपुर जिला मुख्यालय के बरेली मोड़ तक तमाम स्थानों पर गड्ढे होने से आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी सड़क पर जहां-तहां बजरी-कोलतार की लेयर बिछाने का काम कर रहे हैं, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिए जाने से गड्ढे फैलाव ले रहे हैं और इस वजह से दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं। मीरानपुर कटरा की हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग से लेकर बरेली मोड़ तक ओवरब्रिजों का निर्माण भी कछुआ गति से हो रहा है।
विज्ञापन

हनुमान मंदिर के पास हुई गड्ढों की भरमार
तिलहर में राजकीय डिग्री कॉलेज से आगे हनुमान मंदिर के इर्द-गिर्द सड़क पर दोनों ओर ठोकरें बनी हैं ताकि वहां पर लोग श्रद्धालुओं का ध्यान रखते हुए धीमी गति से चलें, लेकिन ठोकरों का काम गड्ढे कर रहे हैं क्योंकि वहां पहुंचने पर वाहनों की रफ्तार कम करना लोगों की मजबूरी बन गई है। मंदिर से पूरब दिशा में निर्माणाधीन सड़क के किनारे जर्जर हो चुकी सड़क अधिकारियों की लापरवाही बयां करती प्रतीत हो रही है। अधिकारी मंदिर के आगे बिलहरी गांव के मोड़ के पास सड़क पर लेयर बिछा रहे हैं, लेकिन जहां सड़क निर्माण की जरूरत है, हाईवे का वह हिस्सा उपेक्षित मिला। रोड क्षतिग्रस्त होने से लोगों को वहां आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।
सरयू पुलिया मोड़ की उखड़ रही सर्विस लेन
आवागमन की दृष्टि से बेहद व्यस्त इस राजमार्ग से प्रतिदिन लगभग दस हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन सड़क को दुरुस्त कराने में अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। अफसरों की लापरवाही का हाल यह है कि हाईवे फोरलेन बनाने के लिए सरयू पुलिया मोड़ के पास बनाई गई सर्विस लेन उखड़ रही है। वहां यदि कोई बड़ा वाहन फंस जाए तो हाईवे पर यातायात ठप होना तय है क्योंकि आगे निकलने के लिए अन्य कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। सड़क निर्माण का टेंडर हुए लगभग आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक निर्माणकर्ता संस्था सड़कों के गड्ढों को भरने का काम पूरा नहीं कर पाई है। कुछ महीने पहले इसी सर्विस लेन पर बरेली के एक युवक की बाइक का पहिया गड्ढे में चले जाने से पीछे आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया था और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
विज्ञापन

निर्माण कार्य से अछूता तिलहर बाईपास चौराहा
तिलहर में हाईवे के व्यस्ततम बाईपास चौराहे पर भी कार्यदायी संस्था की नजरें इनायत नहीं हुई है। इस चौराहे के दोनों ओर की सड़क पर बने गड्ढों पर कुछ समय पहले पैच वर्क किया गया था, लेकिन समय बीतने के साथ बारिश से स्थानों पर बजरी-कोलतार के पैबंद उखड़ जाने से लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर भी ओवरब्रिज का निर्माण धीमी गति से जारी है, लेकिन दोनों ओर की सड़कें जर्जर स्थिति में है। नगर से स्टेशन रोड और निगोही जाने के लिए लोग इसी चौराहे से होकर गुजरते हैं। इसलिए सर्विस लेन पर लेयर बिछानी बहुत जरूरी है।
बंथरा अंडरपास की सर्विस लेन हुई छलनी
नेेशनल हाईवे पर गांव बंथरा के समीप वरुण अर्जुन मेल्डिकल कॉलेज के आगे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के तेल डिपो को ध्यान में रखते हुए अंडरपास बनाया जा रहा है। वहां सर्विस लेन पर इतनी दरारें पड़ चुकी हैं कि पैदल चलना भी कठिन है। कहने को इस जगह कई बार पैच वर्क किया जा चुका है, लेकिन मौसम की मार के कारण वह टिकाऊ साबित नहीं हुआ। इस स्थान पर सिंगल सर्विस लेन होने से कई बार वाहन आमने-सामने हो जाने से जाम की स्थिति बन जाती है। गड्ढों के कारण वाहन सड़क से नीचे उतारने पर उनके पलटने का खतरा बना रहता है।
हुलासनगरा क्रासिंग के पास सड़क गड्ढों में तब्दील
मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग के आसपास सड़क उखड़कर गड्ढ़ों में तब्दील हो गई है। इस वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, गड्ढ़ों में डाली गई मिट्टी और गिट्टी से उड़ने वाली धूल ने लोगों के सफर को और भी मुश्किल बना रखा है। क्रासिंग के आसपास करीब पांच सौ मीटर के दायरे में सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। इस कारण वाहन चालकों को गड्ढ़ों भरे रास्तों से होकर निकलने में कठिनाई हो रही है और आए दिन वाहनों के एक्सल टूटने से क्रासिंग जाम का पर्याय बन चुकी है। गड्ढ़े पाटने को डाली गई मिट्टी मिली पत्थर की गिट्टी से वाहनों के गुजरने पर इस कदर धूल का गुबार उड़ता है कि सामने से आ रहे या फिर आगे चल रहे वाहन दिखने बंद हो जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें