मीरानपुर कटरा। सीतापुर-बरेली मार्ग स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत के चलते बृहस्पतिवार को फिर जाम लग गया। सुबह से लगा जाम शाम को छह बजे खुल सका। हालांकि इस बीच रूट डायवर्जन कर वाहनों को निकाला जाता रहा। मगर जैतीपुर में ट्रक पलटने से वहां भी यातायात में दिक्कत पैदा हो गई।
बृहस्पतिवार को भी रेलवे क्रॉसिंग पर रिपेयरिंग का काम हुआ। इसकी वजह से पूर्वाह्न 11 बजे ही क्रॉसिंग के दोनों ओर जाम लग गया। वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौराहा से रूट डायवर्जन कर बड़े वाहनों को खैरपुर वाया जैतीपुर होकर निकलवाया तो छोटे वाहन कसरक होकर निकाले गए। दोपहर ढाई बजे तक जाम कुछ कम हुआ, लेकिन दोपहर बाद दोबारा जाम लगने लगा और शाम पांच बजे हाईवे बंद कर दिया गया। इससे बरेली जाने वाले वाहन एक बार फिर फंस गए और करीब दो किलोमीटर तक जाम लगा रहा। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को फिर से मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए बड़े वाहनों को जैतीपुर होकर निकला गया। वहीं कार और दोपहिया वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग से निकाला जाता रहा। शाम को करीब छह बजे जाम खत्म हो पाया। सुबह से लेकर शाम तक लगने वाले जाम में फंसने वाले वाहनों में बैठे लोग परेशान हो गए। हर कोई जाम से निकलने के लिए प्रयास करते दिखा, लेकिन दोनों ओर आगे-पीछे वाहनों की कतार लगे होने पर बेबस नजर आए।
गन्ने से लदा ट्रक पलटने से लगा लंबा जाम
जैतीपुर। मीरानपुर कटरा में रोड पर चल रहे कार्य की वजह से ट्रैफिक को सिउरा मोड़ और खैरपुर चौराहे से डायवर्ट कर बरेली, फतेहगंज, दातागंज के लिए जैतीपुर होकर निकाला जा रहा है। जिस कारण पिछले तीन दिन से लगातार जैतीपुर-नवादा मोड़ पर जाम लग रहा है। दो दिन से जैतीपुर में महेंद्र सिंह शांति देवी इंटर कॉलेज के पास सड़क पर बने गड्ढे में वाहन पलट रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर एक गन्ने से भरा ट्रक गड्ढे में पलट गया, जिससे दोनों तरफ जाम लग गया। कटरा रोड पर जिझारपुर गांव तक करीब दो किलोमीटर और खेड़ा बझेड़ा रोड पर गोहवर पुल तक जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गन्ने को हटवाया उसके बाद जाम खुला।
जलालाबाद में पुलिया पर कई बार लगा जाम, फंसे रहे वाहन
जलालाबाद। गड्ढों में तब्दील हो चुका कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे और इसके रास्ते में पड़ने वाली क्षतिग्रस्त और संकरी बझेड़ा वाली पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। बृहस्पतिवार को भी पुलिया की वजह से सुबह से लेकर शाम तक कई बार जाम लगा।