बहादुरगंज में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों से पुतला छीनते पुलिसकर्मी। स्रोत:
- फोटो : Samvad
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय आह्वान पर बृहस्पतिवार को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में शवयात्रा निकाली और अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
जिलाध्यक्ष सौमित्र गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने बहादुरगंज कार्यालय से पुतला रखकर शवयात्रा निकाली। इस दौरान पुतला दहन करने जा रहे व्यापारियों से पुलिस ने पुतला छीन लिया। सौमित्र गुप्ता ने बताया कि प्रीपेड मीटर के सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे हजारों व्यापारियों और उपभोक्ताओं की बिजली कट रही है।
एप में भुगतान अपडेट नहीं हो रहा और पुरानी सिक्योरिटी राशि का समायोजन नहीं किया जा रहा है। बिना किसी आधार के वर्षों पुराना बकाया दिखाकर अवैध वसूली की जा रही है। कनेक्शन काटने के बाद अंतिम बिल बनाने में भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन अखतर ने प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मीटर उपभोक्ता की स्वीकृति पर ही लगाए जाएं और लगाते समय मैन्युअल व गारंटी कार्ड उपलब्ध कराए जाएं।
व्यापारियों ने मांग की है कि प्रीपेड मीटर लगाने से पहले उनकी जांच स्वतंत्र लैब में की जाए। नए विद्युत कनेक्शन जारी करते समय अनुमान के नाम पर हो रही अनियमितताओं को रोका जाए। पोर्टल पर आवेदन के बाद उपभोक्ताओं को कार्यालय बुलाने की व्यवस्था समाप्त की जाए। इस मौके पर प्रांतीय मंत्री अनूप गुप्ता, जिला महामंत्री सुशील कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सैयद अनवर, जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, नफीस खान, बब्बन शाह, मुकेश कश्यप, आदि लोग उपस्थित रहे।