पुवायां में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार को ज्ञापन देते व्यापारी। स्रोत व्यापार मंडल
पुवायां। नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार को राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार के आवास पर पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें ई-काॅमर्स कंपनियों के कारण खुदरा व्यापार को प्रभावित होने की बात कहते हुए कानून बनाने की मांग की गई।
बताया कि ई-काॅमर्स कंपनियों की ओर से बिक्री, खरीद में ऐसी प्रथाओं को जन्म दिया है, जो निष्पक्ष प्रतिस्पर्धाओं को खतरे में डालती हैं। ई-काॅमर्स कंपनियों में केवाईसी को अनिवार्य करने, दुकानदारों को बिक्री से बाहर करने के लिए कम दरों पर सामान बेचने पर रोक लगाने, डिलवरी मैन को कर्मचारी का दर्जा देने और कर्मचारी को मिलने वाले लाभ देने की मांग की गई है। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील, महामंत्री कपिल गुप्ता, कोषाध्यक्ष मंगल मिश्रा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरज शर्मा, अजीत गुप्ता, विशाल गुप्ता, अखिलेश अग्निहोत्री, अमित गुप्ता, निर्भय गुप्ता सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।