पुवायां में एक्सईएन ऑफिस के सामने धरने पर बैठे व्यापारी। संवाद
पुवायां। कई दिनों से पुवायां नगर में रात में हो रही बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों ने बिजली उपकेंद्र पर एक्सईएन ऑफिस के सामने धरना देते हुए नारेबाजी की। व्यापारियों ने एक्सईएन से वार्ता करते हुए बिजली कटौती बंद नहीं होने पर राजीव चौक पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष केके लील के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर तमाम व्यापारी एकत्र होकर बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे। वहां पर एक्सईएन ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसके बाद एक्सईएन पुनीत निगम ने व्यापारियों से वार्ता की। व्यापारियों ने एक्सईएन को बताया कि नगर में रात के समय डेढ़ से दो घंटे की कटौती दो बार की जाती है।
नगर में बिजली लाइनें जर्जर हालत में है, जिससे फाॅल्ट होने में भी आपूर्ति बंद हो जाती है। रात में उन्हें तीन से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। व्यापारियों ने नगर में तीन लाइनमैनों से 24 घंटे काम लेने की भी समस्या उठाते हुए कहा कि कर्मचारी भी बढ़ाए जाने चाहिए।
एक्सईएन ने व्यापारियों को बताया कि लाइनमैन बढ़ाए जाने के लिए अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है, जल्द ही कर्मचारी बढ़ाए जाएंगे। ओवरलोड होने के कारण बिजली कटौती की समस्या आ रही है। इस मौके पर महामंत्री कपिल गुप्ता, मंगल मिश्रा, पवन मिश्रा, युवा अध्यक्ष धीरज शर्मा, मनोज गुप्ता, विशाल गुप्ता, अखिलेश अग्निहोत्री, दिलबाग सिंह, नईम खां, कुलदीप गुप्ता, पुष्पेंद्र गुप्ता सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।