बिजली कटौती के खिलाफ सड़क पर उतरे व्यापारी
दिन और रात के समय चार घंटे की नियमित कटौती के अलावा आपात कटौती के नाम पर बिजली संकट को बढ़ावा दिए जाने के विरोध में उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट से जुड़े व्यापारी बुधवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने जेल रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की। बाद में कार्यालय में मौजूद अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल और एक्सईएन सिटी विवेक पटेल का घेराव कर उन पर सवालों की झड़ी लगा दी। एसई अग्रवाल ने कटौती समेत बिजली नेटवर्क में सुधार का आश्वासन दिया।
संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ और नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में एसई ऑफिस पहुंचे व्यापारियों ने मनमानी बिजली कटौती को निशाने पर लेते हुए जमकर नारेबाजी की। बाद में उनका शिष्टमंडल दफ्तर में मौजूद एसई अग्रवाल और एक्सईएन पटेल से मिला। व्यापारियों ने आधी रात को होने वाली कटौती, गोविंदगंज की 33 केवी लाइन में एमईएस के पास आए दिन होने वाले फाल्ट, नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना में देरी आदि मुद्दों पर अफसरों से बिंदुवार वार्ता की।
व्यापारी नेता दुआ ने बिजली नेटवर्क के सुधार पर एपीडीआरपी स्कीम के तहत करोड़ों की धनराशि व्यय होने के बावजूद बिजली सप्लाई में सुधार नहीं हो पाने की वजह पूछी तो अफसरों से कोई जवाब देते नहीं बना। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नए सब स्टेशन बन जाने के बावजूद पुराने सब स्टेशनों के फीडरों की लंबाई कम नहीं किए जाने और नए ट्रांसफार्मर लगाने में अनावश्यक देरी किए जाने का खामियाजा शहर की जनता को लाइन फाल्ट के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने गोविंदगंज और बहादुरगंज को फाल्ट से बचाने के लिए चिनौर-गोविंदगंज के बीच डाली गई 33 केवी की लाइन जल्द चालू कराने पर जोर दिया। एसई और एक्सईएन ने आश्वस्त किया कि बिजली की आपात कटौती बंद कराने के लिए सिस्टम कंट्रोल से पत्राचार किया जाएगा और ओवरलोडिंग से लाइन फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या खत्म करने के लिए शाहर में 250 केवी क्षमता के पांच नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। वार्ता में नाजिम खां, राजीव गुप्ता, सुल्तान खां, संजीव राठौर, लक्ष्मण प्रसाद, राजीव कमरा, चंद्र प्रकाश गुलाटी, सतनाम चावला, धर्मपाल रैना, गोल्डी सिंह, मो. रफी आदि शामिल रहे।