मीरानपुर कटरा। पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में आए प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से रविवार को नगर के व्यापारी मिले और उन्हें ज्ञापन देकर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए बंद की गई उखरी रेलवे क्रॉसिंग जल्द खुलवाने की मांग की।
सराफा एसोसिएशन और उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से दिए ज्ञापनों में कहा गया है कि क्रॉसिंग बंद कर दिए जाने से लगभग 50 गांवों के लोगों का कस्बे से संपर्क कट गया है। मरेना और हुलासनगरा क्राॅसिंग से निकलने पर 10-15 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
उखरी क्रासिंग बंद होने से शिक्षा, कृषि कार्य, व्यापार, चिकित्सा आदि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापनों में खुदागंज मार्ग पर निर्माणाधीन कसरक ओवरब्रिज के चालू होने तक उखरी क्राॅसिंग को खोल रखने का सुझाव दिया गया। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनूप कुमार अग्रवाल, प्रभुदयाल वर्मा, सपा नेता पुनीत कुमार गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता, रामजी अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद