नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अधिकारी । संव
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी से भेंट कर व्यापारियों और आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए चार सूत्री ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बहादुरगंज से सदर बाजार और गोविंदगंज जाने वाले मार्गों पर अतिक्रमण के कारण ग्राहक बाजारों में नहीं आ पा रहे हैं। इससे व्यापार चौपट हो रहा है।
उन्होंने बहादुरगंज तिराहे पर बद्रीप्रसाद पुस्तक भंडार के निकट लंबे समय से बंद पड़े वाटर कूलर को शुरू कराए जाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने बहादुरगंज पचराहा स्थित पेड़ को वैज्ञानिक पद्धति से अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की मांग उठाई। इससे मार्ग का चौड़ीकरण होने से आवागमन सुगम हो सकेगा।
बहादुरगंज रिक्शा स्टैंड पिंक शौचालय के पास नया वाटर कूलर लगवाने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान प्रांतीय संयुक्त महामंत्री नारायण दास अग्रवाल, प्रांतीय मंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ, जिला महामंत्री आकाश दीप गुप्ता और महानगर महामंत्री अमित शर्मा प्रमुख, सुशील दीक्षित, कंचन गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद