बहादुरगंज पचराहा के पास बदहाल सड़क में सुधार नहीं होने और वहां कूड़ादान नहीं रखे जाने पर क्षेत्र के व्यापारियों का गुस्सा रविवार को भड़क उठा। व्यापारियों ने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष अनवार खां के नेतृत्व में पचराहा पर प्रदर्शन करके पालिका प्रशासन का पुतला फूंका। व्यापारियों ने मांगों पर एक सप्ताह में कार्यवाही नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
बता दें कि बहादुरगंज पचराहा के पास पालिका परिषद द्वारा रखा गया कूड़ादान दो माह पूर्व वहां से हटा दिया गया। इस कारण सफाई कर्मियों द्वारा सुबह के वक्त सड़कों पर झाड़ू लगाकर समेटा गया कूड़ा रोड के किनारे इक_ा हो रहा है। हवा चलने पर कूड़ा रोड पर बिखरने के साथ दुकानों तक पहुंचने लगा। इसे देखते क्षेत्र के व्यापारियों ने बीते माह नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर को ज्ञापन दिया था।
ईओ राठौर ने व्यापारियों को पचराहा के पास कूड़ादान जल्द रखवाने का आश्वासन भी दिया, लेकिन नतीजा शून्य रहा। इसी के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारी रविवार को दोपहर सड़क पर उतर आए। संगठन कार्यालय में पालिका प्रशासन का पुतला तैयार किया और उसे लेकर नारेबाजी करते हुए पचराहा पहुंचे। वहां उन्होंने कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद पुतले को आग लगा दी।
इस मौके पर संगठन के नगर अध्यक्ष अनवार खां ने कहा कि जहां एक ओर स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं पालिका प्रशासन गंदगी को बढ़ावा देने पर आमादा है। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर व्यापारियों से उग्र आंदोलन को तैयार रहने का अनुरोध किया। प्रदर्शन में आशीष वर्मा, योगेश वाजपेयी, कपिल अग्रवाल, देवेश गुप्ता, पंकज वर्मा, डॉ. विनोद राठौर, वसीउल्ला, दिनेश कनौजिया, आकिल खां, राशिद अली आदि शामिल रहे।