कलान। बच्चे का मुंडन कराने जाते समय ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार को अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 15 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर है।
क्षेत्र के गांव पिलुआ निवासी राकेश के बेटे आर्यन का मुंडन संस्कार का कार्यक्रम रविवार को था। दोपहर में पटना देवकली स्थित शिव मंदिर में मुंडन कराने के लिए परिजन व ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रवाना हुए थे। ट्राॅली में करीब 40 लोग बैठे थे।
दोपहर करीब दो बजे मुरादाबाद फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे से होते हुए जैसे ही शिव मंदिर के पास स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राॅली पहुंची। तभी ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़ पड़े। 15 घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से पांच को बदायूं के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र ने बताया कि सूचना आने पर पुलिस ने घायलाें को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा है। यातायात व्यवस्था को सामान्य करा दिया है।
ये लोग हुए घायल
-ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। हादसे में रामसूरती (50 वर्ष) पत्नी ऋषीपाल, दुर्गा (23 वर्ष) पत्नी हंसराम, शिवम (3 वर्ष) पुत्र हंसराम, रागिनी (12 वर्ष) पुत्री बबलू, अंकित (20 वर्ष) पुत्र रामकुमार, लक्ष्मी (24 वर्ष ) पत्नी बृजेश, रामलली (60 वर्ष) पत्नी राम अवतार, गंगा देवी (60 वर्ष) पत्नी गंगाराम, मुन्नी (62 वर्ष) पत्नी नेकसू, सत्यवती (40 वर्ष) पत्नी ऋषिपाल, बृजरानी (50 वर्ष) पत्नी विजेंद्र, साधना (12 वर्ष) पुत्री राजेश निवासी पिलुआ थाना कलान, रागिनी शर्मा (14 वर्ष) पुत्री मनोज निवासी मीरा सराय बदायूं, पार्वती (32 वर्ष) पत्नी सुनील निवासी साकीपुर एटा, गोपी (7 वर्ष) निवासी परतापुर जनपद एटा शामिल है।
पीएचसी कलान में डॉ. श्रीकांत बचानी व फार्मासिस्ट कृष्णगोपाल ने मरीजाें का उपचार किया। हालत गंभीर होने पर रागिनी शर्मा, रागिनी वर्मा, लक्ष्मी, सत्यवती, गंगा देवी को बदायूं रेफर कर दिया गया है।
कलान में स्टेट हाईवे पर पलटी पड़ी ट्रॉली। संवाद
कलान में स्टेट हाईवे पर पलटी पड़ी ट्रॉली। संवाद