मृतक के परिजन रो-रोकर बेहोल हुए।
- फोटो : संवाद
गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बृहस्पतिवार को जलालाबाद से करीब 15 किलोमीटर आगे हरदोई क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर को तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक 30 वर्षीय अजीत यादव की मौके पर मौत हो गई। जबकि उस पर बैठे चार अन्य लोग घायल हो गए, जिनका सीएचसी में इलाज चल रहा है।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव नयागांव गुलड़िया निवासी अमर सिंह का इकलौता बेटा अजीत यादव एक्सप्रेसवे पर विभिन्न कार्यों के लिए बीते दो वर्षों से ट्रैक्टर चला रहे थे। बृहस्पतिवार को अजीत को एक्सप्रेसवे संबंधी कार्य के लिए मजदूर लेकर हरदोई जनपद के रूपापुर क्षेत्र में जाना था। अजीत पास से ही गांव धिंयरिया से राजपाल, शिवराम, राजेश व गांव करनापुर निवासी राजेश को टैक्टर पर बैठाकर रूपापुर लेकर जा रहे थे। ट्रैक्टर के पीछे मिट्टी दबाने वाला छोटा रोलर व प्रेशर वाला डस्टर लगा था।
पचदेवरा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
अजीत के चचेरे भाई बिपिन ने बताया कि सुबह करीब दस जब ये लोग हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने ट्रैक्टर के पिछले पहिये में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से चारों मजदूर उछलकर दूर जाकर गिरे जबकि ट्रैक्टर चला रहा अजीत ट्रैक्टर की पिछली साइड गिरा और उसके ऊपर पीछे लगी प्रेशर मशीन गिर गई। इसमें वह दब गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पाकर पहुंची एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस सभी को लेकर जलालाबाद सीएचसी पहुंची, जहां अजीत को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक के भाई के अनुसार, हादसे के बाद चालक पिकअप मौके पर छोड़कर भाग गया। इसे पचदेवरा पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जलालाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के घर में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा पत्नी प्रीति व तीन बेटियां और एक बेटा है।