निगोही में बृहस्पतिवार दोपहर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार और ट्रैक्टर। संवाद
शाहजहांपुर। निगोही में लिपुलेख भिंड मार्ग पर ग्राम पतराजपुर भट्टे के सामने बृहस्पतिवार दोपहर कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई। ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे के बाद रोड पर करीब 15 मिनट तक जाम लगा रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।
गिरगिचा गांव निवासी ओमवीर सिंह ट्रैक्टर से संडा खास ट्रॉला लेने जा रहे थे। पतराजपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही उत्तर प्रदेश सरकार लिखी कार से उनका ट्रैक्टर टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर दो हिस्से में बंट गया। तेज आवाज होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों ने बताया कि कार कोई महिला चला रही थी। हादसे के बाद पीछे से आई दूसरी कार में बैठकर महिला चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करा लिया। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करा दिया गया है। कार मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।