शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंथरा स्टेशन से कृभको फर्टिलाइजर तक रेलवे लाइन बिछाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया (एनएचएआई) ने रोड के दाहिनी ओर की पटरी खोद दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने भूमि अपनी बताते हुए काम रुकवा दिया। इस दौरान नोकझोंक भी हुई।
नेशनल हाईवे पर बंथरा स्टेशन से लेकर कृभको फर्टिलाइजर के भीतर रेल लाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। हाईवे से पटरी को फैक्टरी के अंदर तक लाया जाएगा। हाईवे पर यातायात के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को एनएचएआई की ओर से रोड पटरी को खोद दिया गया। सूचना पर वन विभाग के एसडीओ दिलीप श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी सदर टीसी पंत विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से काम रुकवाने को कहा। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना था कि रोड पटरी वन विभाग की सीमा में नहीं है। इसे लेकर नोकझोंक भी हुई। मौके पर काम रुकवा दिया गया। एसडीओ ने बताया कि एनएचएआई की ओर से बिना किसी अनुमति व पूर्व सूचना के वन विभाग की लगभग एक किलोमीटर लंबी और 25 मीटर चौड़ी कुल 0.25 हेक्टेयर भूमि को खोद दिया गया है। एसडीओ ने रेंजर सदर को केस काटने के निर्देश जारी किए। हालांकि रेंजर की ओर से शुक्रवार को कोई केस नहीं काटा गया। इसके बाद एसडीओ ने मामले की रिपोर्ट बनाकर मुख्य वन संरक्षक को प्रेषित कर दी है।
एनएचएआई ने वन विभाग की रोड पटरी की खोदाई बिना अनुमति और पूर्व सूचना के करा दी। टीम के साथ मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया गया था। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की गई है। - दिलीप श्रीवास्तव, एसडीओ, वन विभाग, शाहजहांपुर
एनएचएआई की ओर से रोड के दाहिनी तरफ काम कराया गया है। यह भूमि वन विभाग की नहीं है। इस संबंध में मौके पर आई टीम को कागजात दिखाए गए थे। इसके बाद वन टीम मौके से चली गई थी। - एआर चित्रांशी, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, बरेली।