शाहजहांपुर। आईसीएसई बोर्ड के 10वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले परीक्षार्थियों में अधिकांश ने बिना कोचिंग के सेल्फ स्टडी कर टॉन टेन में जगह बनाई है। रविवार को परीक्षा परिणाम आने के बाद टॉपर्स ने अपनी तैयारी को लेकर जानकारी दी।
जिले के टॉपर होली एंजिल्स स्कूल के छात्र अपूर्व अग्निहोत्री ने बताया कि वह संयुक्त परिवार में रहते हैं। पापा जितेंद्र कुमार ओसीएफ में जूनियर वर्क्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनके अलावा मां, दादा, दो चाचा, एक भाई और एक बहन हैं। स्कूल के बाद घर में ही पढ़ाई की, कोचिंग नहीं ली। पापा और चाचा ने पढ़ाई में बहुत सहयोग किया। उनका सपना डॉक्टर बनने का है। जिसको वह जरूर पूरा करेंगे।
सेकेंड टॉपर जॉन नेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा इकरा ने बताया कि उनके पापा मोहम्मद सलीम बिजनेसमैन हैं। 10वीं की परीक्षा को शुरू से ही पढ़ाई को प्राथमिकता दी। सेकेंड टॉपर बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। भविष्य में कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहती हूं।
94.4 प्रतिशत अंक पाकर जिले में तीसरे नंबर की टॉपर बनीं जॉन नेव सनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दिव्यांशी कहती है कि उनका सपना इंजीनियर बनना है। बताया कि 10वीं की पढ़ाई बिना कोचिंग के स्कूल और घर पर करके टॉप किया है।
94 प्रतिशत अंक के साथ चौथे नंबर के टॉपर डॉन एंड डोना कॉन्वेंट के अक्षत मिश्रा ने बताया कि उन्होंने बहुत मेहनत से पढ़ाई की थी। स्कूल का टॉपर बना हूं, लेकिन जिले में टॉप करने से कुछ ही नंबर कम रहे गए। लेकिन आगे और मेहनत करूंगा।
डॉन एंड डोना कॉन्वेंट की छात्रा शगुन बाथम 93.2 प्रतिशत प्राप्त कर जिले की पांचवीं टॉपर बनी। वह व्यापारी नेता सचिन बाथम की बेटी हैं। बताया कि सिविल सेवा में जाना चाहती हैं। आईएएस की तैयारी कर डीएम बनने की भी इच्छा रखती हैं।