जलालाबाद। गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पर टोल प्लाजा के पास वाहन रोकने के लिए लगाया गया बैरियर शुक्रवार की रात तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से टूट गया। इस दौरान बैरियर का टूटा हिस्सा लग जाने से वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारी मदनपाल घायल हो गया।
एक्सप्रेसवे के आगामी बुधवार को होने वाले उद्घाटन से पहले उस पर अवैध रूप से वाहनों का संचालन रोकने के लिए निर्माण कंपनी ने प्रवेश और निकास के स्थानों पर बैरियर लगाकर वहां गार्ड तैनात किए हैं। शुक्रवार की रात भी बैरियर के पास गार्ड मदनपाल तैनात थे। उन्होंने बताया कि रात करीब नौ बजे एक कार आती दिखाई देने पर उन्होंने टार्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया।
इसके बावजूद कार लेकर उसका चालक आगे बढ़ गया। कार बैरियर तोड़ कर एक्सप्रेसवे पर पहुंच गई। इस दौरान टूटे बैरियर का एक हिस्सा सुरक्षा कर्मी मदनपाल के चेहरे पर लग जाने से वह घायल हो गए। मदनपाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी भिजवाया। इस दौरान कार लेकर उसका चालक भाग गया। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नही मिली है। संवाद