सोमवार रात पशु चोरी करते समय जाग हो जाने पर चोरों ने फायरिंग कर दी और तीन पशुओं को लेकर भाग निकले। पुलिस ने मौका मुआयना तो किया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गांव पिपरा जप्ती निवासी बेबी सिंह ने बताया कि वह गांव के बाहर रोड के किनारे रहते है। सोमवार रात लगभग 12 बजे एक पिकअप उनके दरवाजे पर आकर रुकी और वाहन से उतरे करीब छह चोरों ने घर के बाहर बंधी गाय वाहन में लाद ली। इसके बाद चोरों ने पड़ोस के शिवदयाल की एक गाय खोलकर गाड़ी में लाद ली। आहट होने पर उन्होंने शोर मचाया तो चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन सहित भाग निकले। गांव नभीची के निर्भान सिंह की एक गाय भी चोर वाहन में लाद ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। तहरीर के बाद भी पुलिस ने पशु चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि चोरी और फायरिंग की जानकारी उन्हें नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।