डीएम विजय किरन आनंद खुले में शौच की प्रवृत्ति के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत सोमवार को सुबह भावलखेड़ा ब्लॉक के सुजातपुर गांव जा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर उन्हें शौचालयों के इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया। साथ ही वहां के ग्राम प्रधान को खुले में शौच जाने वालों के नाम स्कूल की दीवार पर दर्ज कराकर उन्हें बेशर्म की पदवी देने के निर्देश दिए।
सुबह करीब छह बजे डीएम की कार गांव की ओर आते देख लोटा लेकर खेतों की ओर जा रहे कई ग्रामीण भाग खड़े हुए। डीएम ने उन्हें पास बुलाकर समझाया कि घर में बने शौचालय का इस्तेमाल करें अथवा खेत पर जाते समय खुरपी, कुदाल, फावड़ा साथ ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोग शौचालय का इस्तेमाल करने लगेंगे तो आधी बीमारियां समाप्त हो जाएंगी।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने प्रशासन की मुहिम का यह कहकर विरोध किया कि वे शौच को वर्षों से खेत पर जा रहे हैं। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम प्रधान अशोक शुक्ला को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों को चिन्हांकित कर उनके राशन कार्ड जब्त करें और 500 रुपये प्रतिदिन जुर्माना लगाएं। साथ ही स्कूल की दीवारों पर उनके नाम दर्ज कराएं और बेशर्म की पदवी देते हुए निगरानी टीमों से सीटी बजवाकर उनकी बदनामी करें।