शहर में नव संवत्सर मनाने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में ब्राह्मण समाज ने परशुराम धाम पर पंचांग और हवन पूजन कर गोष्ठी की। गोष्ठी में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कहा कि एकता बल से सभी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। इसलिए ब्राह्मणों को एकजुट होकर समाज का मार्गदर्शन करना चाहिए। क्योंकि समाज को उनकी आवश्यकता भी है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार प्रसार के लिए ब्राह्मण आदिकाल से ही अग्रणी रहा है। उसे यह जिम्मेदारी उठाए रखनी होगी। हमारा अतीत त्याग और तपस्या का है, इसलिए समाज के प्रति हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा। इससे पूर्व आचार्य जगदेव पांडेय और मुन्नालाल मिश्रा ने हवन पूजन के बाद पंचांग पूजन कराया। मंगलाचरण के बाद सभी सदस्यों का स्वागत चंदन तिलक से कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्थापक राजाराम मिश्र, डॉ. केके शुक्ला, आलोक द्विवेदी, ज्ञानेश वाजपेयी, अंबरीश शुक्ला, कृष्ण स्वरूप मिश्र आदि ने भी विचार रखे। जिला महामंत्री राकेश पांडेय के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष केशव चंद्र मिश्र ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में डॉ. विजय पाठक, मुन्नालाल त्रिवेदी, डॉ. संजय पाठक, कृपा सागर मिश्र, श्याम कुमार पाराशरी, भैयन्नूलाल अग्निहोत्री, आशुतोष शुक्ल, दीपक दीक्षित, पुत्तूलाल त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
हिंशद ने भी मनाया नव संवत्सर
अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल से जुड़े लोगों ने नव संवत्सर पर भगवाध्वज फहराकर और सभी का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्निहोत्री, जिला संयोजक आशीष वाजपेयी, पुनीत त्रिवेदी, हरिकृष्ण कन्हैया, हरीराम शास्त्री, रामनाथ वर्मा, दीपक कश्यप, अवधेश दीक्षित आदि ने नव संवत्सर के महत्व पर प्रकाश डाला।