संत गाडगे सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर चकभिटारा गांव के धोबियाें वाला मजरा में सड़क बनवाने की मांग की। इसके साथ ही समाज के लोगों को हो रही अन्य परेशानियों से भी अवगत कराया। ऐसा न होने पर धरना देने की चेतावनी भी दी।
जिलाध्यक्ष विष्णु कनौजिया ने बताया कि चकभिटारा गांव के धोबियों वाला मजरा तक जाने वाली रोड पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वहां से निकलना मुश्किल हो गया है। आरोप लगाया कि ओरियंटल बैंक कामर्स की निवाजपुर शाखा में जन धन योजना के तहत जीरो बैलेंस से खोले गए बैंक खातों की पासबुक और न ही रूपै कार्ड ही दिया जा रहा है।
आरोप लगाया कि समाज के कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। बीएलओ से कहने के बावजूद उनके नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किए गए। इस वजह से ग्रामीणों ने बीएलओ बने शिक्षक के ट्रांसफर किए जाने की मांग की है। साथ ही उन लोगों की सभी समस्याओं को समय से निस्तारित करने की मांग भी की है। प्रदर्शन करने वालों में रामभजन लाल, अनिल कनौजिया, मुकेश कनौजिया, आशाराम, मानवेंद्र, सतीश, सुरेंद्र पाल, प्रेमपाल, पातीराम, मीना, कांती, सरिता, कुसुमा आदि मौजूद रहीं।