शाहजहांपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को शहर के गोविंदगंज स्थित क्रिश्चियंस गर्ल्स हाईस्कूल में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को स्वास्थ्य बेहतर रखने के टिप्स दिए गए। कार्यक्रम में करीब 70 छात्राएं उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. आसिफ अली ने छात्राओं को बताया कि खून की कमी को दूर करने के लिए हर हफ्ते आयरन की गोली ले सकते हैं। इसके अलावा हरी सब्जियों और फलों को खानपान में शामिल किया जा सकता है। साथ ही सुबह खाली पेट घर से न निकलें। नाश्ता करना जरूरी है।
उन्होंने टीकाकरण के लाभ बताए। कहा कि टीकाकरण कराने से विभिन्न तरह की बीमारियों से बचाव होता है। टिटनेस, डिप्थीरिया समेत कई रोगों से बचाव के लिए टीके लगाए जाते हैं। डिप्टी सीएमओ ने कैंसर से बचाव और लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अखबार पढ़ने के लाभ भी बताए।
कहा कि सोशल मीडिया की खबरों को विश्वसनीय नहीं कह सकते हैं। अखबार में खबर विचारपूर्ण और तथ्यपरक होती हैं। रिसर्च करने के बाद खबरें छपती हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभारी संतोष सिंह ने छात्राओं को स्वस्थ रहने के उपाय बताए। कहा कि पेट में कीड़े होने की वजह से शरीर में कमजोरी हो जाती है। अच्छा खानपान होने के बावजूद शरीर दुर्बल रहता है। हीमोग्लोबिन की कमी रहती है। कीड़ों से बचाव की दवा खाएं, साथ ही हरी सब्जियों का उपयोग करें।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की पीएसडब्ल्यू नंदिनी सक्सेना ने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रकाश डाला। कहा कि दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं। मानसिक स्वास्थ्य की वजह से आत्मविश्वास में कमी आती है। तनाव होने से पढ़ा पाठ्यक्रम भी भूल जाते हैं। परीक्षा से डर रहता है। इसके लिए समय प्रबंधन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इस मौके पर शिक्षिका गीता वर्मा, भावना मिश्रा, मीनाक्षी सक्सेना, सीआर महंत, वंदना सनवारिया आदि मौजूद रहे।
छात्राओं ने रखीं समस्याएं
प्रश्न : शरीर काफी दुबला है,खानपान का असर नहीं होता है।
- हुमा, कक्षा छह
उत्तर : पेट में कीड़े हो सकते हैं। कृमि मुक्ति की दवा अवश्य खा लें।
प्रश्न : आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए क्या करें।
- रोशनी, कक्षा नौ
उत्तर : विटामिन की टेबलेट के साथ ही हरी सब्जियों का उपयोग करें। मोबाइल ज्यादा नहीं देखें।
-
प्रश्न : टीकाकरण कराने से क्या फायदे होते हैं।
- सुनीता, कक्षा दस
उत्तर : गलाघोंटू, टीबी समेत कई प्रकार के रोगों से टीकाकरण से बचाव होता है।